न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में अंधविश्वास से जुड़े मामले को लेकर हुए विवाद में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक ही पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की विस्तृत जानकारी के अनुसार, घाघरा गांव में भूत-प्रेत और अंधविश्वास से जुड़ी कुछ बातों को लेकर ग्रामीणों के बीच विवाद शुरू हुआ था. बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया. इस झड़प में घाघरा गांव के ही रहने वाले 35 वर्षीय अर्जुन राजवंशी और 45 वर्षीय विमल राजवार बुरी तरह घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों घायलों को हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका समय पर इलाज किया. फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय थाने में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है.