प्रभात कुमार/न्यूज11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: आज इस्लामी मरकज़ हिंदपीढ़ी में इदारा शरीया के प्रयास से मस्जिद ग़ौसिया की छत की ढलाई के अवसर पर एक भव्य और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला. इस महत्वपूर्ण मौके पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कार्यक्रम में शिरकत की और मस्जिद निर्माण कार्य का निरीक्षण किया.इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि इदारा शरीया निरंतर कौम की सेवा में संलग्न है. यह संस्था न केवल धार्मिक क्षेत्र में, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी कौम की समस्याओं के समाधान के लिए अहम भूमिका निभा रही है. उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज में एकता, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं.उन्होंने आगे कहा, आज मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूँ कि मुझे इदारा शरीया के निमंत्रण पर अल्लाह के घर की तामीर में भाग लेने का अवसर मिला. मस्जिद का निर्माण हर ईमान वाले के लिए सआदत की बात है और यह अमल अल्लाह की रज़ा का माध्यम बनता है.अंत में उन्होंने मस्जिद के शीघ्र निर्माण और इदारा शरीया की सेवाओं के और अधिक विस्तार के लिए दुआ की तथा कौम से अपील की कि ऐसे नेक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. उन्होंने मस्जिद ग़ौसिया, इस्लामी मरकज़ और इदारा शरीया से जुड़े सभी सदस्यों की सेवाओं की सराहना भी की.
इस अवसर पर इदारा शरीया झारखंड के नाज़िम-ए-आला मौलाना मोहम्मद क़ुतुबुद्दीन रज़वी ने कहा कि वह व्यक्ति अत्यंत सौभाग्यशाली होता है जिसकी मेहनत की कमाई मस्जिद के निर्माण में लगती है. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के भीतर धार्मिक जागरूकता पैदा होती है, वह जहाँ एक ओर अल्लाह की इबादत करता है, वहीं पूरी मानवता की भलाई के लिए भी अग्रिम पंक्ति में खड़ा नजर आता है.
लोकप्रिय और सम्मानित अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के आगमन पर इदारा शरीया झारखंड के नाज़िम-ए-आला मौलाना मोहम्मद क़ुतुबुद्दीन रज़वी के नेतृत्व में उलेमा-ए-कराम, गणमान्य नागरिकों और छात्रों ने फूलों की बारिश कर तथा गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया और खुशी का इज़हार किया.
इस पावन अवसर पर मौलाना मोहम्मद क़ुतुबुद्दीन रिज़वी, क़ारी मोहम्मद अय्यूब रिज़वी, मौलाना डॉ. ताजुद्दीन रिज़वी, हाजी अब्दुल क़ादिर रब्बानी, मौलाना मिन्हाजुद्दीन, मोहम्मद असलम, मुफ्ती इजाज़ हुसैन रिज़वी मिस्बाही, मौलाना निज़ामुद्दीन मिस्बाही, मोहम्मद सलीम, मौलाना कलीमुद्दीन मिस्बाही, हाफ़िज़ जावेद मिस्बाही, मौलाना मुफ्ती आक़िब जावेद मिस्बाही, मौलाना मसऊद फ़रीदी (शहर क़ाज़ी), मौलाना शमशाद मिस्बाही, क़ारी अबूतालिब वारसी, क़ारी जान मोहम्मद रिज़वी (शहर क़ाज़ी), मौलाना आबिद रज़ा फ़ैज़ी, मौलाना नूर आलम फ़ैज़ी, मौलाना साक़ाफी, मास्टर ज़ुल्फ़िकार, क़ारी हसीब आलम, क़ारी अब्दुल्लाह रिज़वी सहित अल-जामिअतुल क़ादरिया, इदारा शरीया, मस्जिद ग़ौसिया और अन्य संस्थानों के गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय शुरू होने का रास्ता साफ? मंत्री को पत्र लिखकर सत्र 2026–27 से संचालन की मांग