न्यूज़11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सेल के चिरिया स्थित दुबिल माइंस के गेट पर 10 गांवों के ग्रामीणों के आंदोलन के 12 वें दिन जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु मौके पर जाकर ग्रामीणों से बात की. उन्होंने लोगों की मांगों को सुना और समझा. मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया और जबरन उन्हें मौके से हटाया तो ग्रामीण सेंदरा अभियान चलाने को बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने सीधे तौर पर विधायक से भी कह दिया कि उनकी यह आर - पार की लड़ाई है. और मांगों के माने जाने तक वे किसी कीमत पर अपना आंदोलन खत्म नहीं करेंगे. ग्रामीणों ने कहा कि माइंस के लाल पानी से हमारे गांवों की जमीन बंजर हो गई है. हमारे पास भुखमरी की हालत है. अतः हम किसी भी कीमत पर अपनी लड़ाई को अधूरी नहीं छोड़ेंगे. अभी माइंस बंद है और जरूरत पड़ी तो वे सेल कार्यालय को भी बंद कर देंगे. कहा कि क्षेत्र में रोजगार की समस्या की वजह से ही नक्सलवाद जैसी समस्याएं बढ़ी हैं.
ग्रामीणों ने वार्ता के सवाल पर कहा कि वार्ता मौके पर ही होगी, अन्यथा गुवा स्थित सीजीएम कार्यालय में होगी. चिरिया स्थित सेल कार्यालय में कतई वार्ता नहीं करेंगे. वहीं विधायक सिंकु जी ने मौके से ही सेल के आला अधिकारियों से फोन पर बात की और ग्रामीणों की समस्याओं को जल्द दूर करने को कहा. अधिकारी ने भी कहा कि हम उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं. अतः सारी चीजों का मूल्यांकन कर ही मांगों पर विचार किया जाएगा. इधर 12 दिनों से चले रहे इस आंदोलन से माइंस में उत्पादन और परिवहन पूरी तरह से प्रभावित है और सेल तथा माइंस ठेकेदार को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. वहीं मामले को लेकर सेल का कोई आधिकारिक पक्ष नहीं मिल पाया है. मौके पर कांग्रेस मनोहरपुर प्रखण्ड अध्यक्ष सीताराम गोप, नोवामुंडी प्रखण्ड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, मुखिया अजीत तिर्की, धनेश्वर महतो, कुलदीप काडुलना, सूरज चंपिया, मामूर अंसारी, दानिश हुसैन एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.