न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में इस बार सर्दी कुछ खास रंग दिखाने वाली हैं. अक्टूबर के दूसरे हफ्ते से ही सुबह और शाम में ठंडक बढ़ने लगी हैं. रांची, बोकारो और गिरिडीह जैसे जिलों में लोग अब हल्के स्वेटर और जैकेट निकाल चुके हैं. मौसम विभाग की मानें तो इस बार ला नीना के असर से राज्य में सामान्य से अधिक ठंड पड़ने की संभावना हैं.
तापमान में 2 डिग्री की गिरावट
पिछले 24 घंटों में झारखंड के अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई हैं. लातेहार में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रांची, खूंटी और धनबाद में रात का तापमान 18 डिग्री के आसपास बना हुआ हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नवंबर के पहले सप्ताह से ठंड की शुरुआत और दूसरे सप्ताह से इसका असर कांपने लायक होगा.
धनतेरस पर मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग के अनुसार, आज धनतेरस के दिन मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. बारिश या घने बादलों की कोई संभावना नहीं हैं. लोग आराम से बाजारों में खरीदारी कर सकेंगे. हालांकि शाम के वक्त गुलाबी ठंड महसूस होगी, इसलिए मौसम के बदलते मिजाज को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई हैं.
दिवाली पर हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग ने दीपावली यानी 20 अक्टूबर के दिन राज्य के दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसांवा में हल्की बारिश की संभावना जताई हैं. इन इलाकों में गरज के साथ बादल छा सकते हैं. बाकी जिलों में आसमान हल्का बादलों से घिरा रहेगा, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा.
छठ के बाद जमकर पड़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि छठ पर्व के बाद झारखंड में ठंड अपना पूरा असर दिखाएगी. उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम को कोहरा छाने लगेगा और तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी.
यह भी पढ़े: बिरसा चौक स्थित कपड़े की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी, आग बुझाने के प्रयास जारी