प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में अनियमितता के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को उक्कामॉड पंचायत के ग्राम लुहुर एवं मिठहा गांव के दर्जनों राशन कार्डधारियों ने पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचकर अपनी समस्या रखी.
गांव की सोनमाती देवी, अनिता देवी, सरिता देवी, रूपवंती देवी, आरती देवी, सालो देवी सहित कई महिलाओं ने पूर्वी जिप सदस्य सह भाजपा नेता कन्हाई सिंह को बताया कि उनके डीलर ज्वाला प्रसाद द्वारा पिछले पांच माह से नियमित रूप से राशन नहीं दिया जा रहा था. कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि अगस्त माह में केवल दो माह का राशन दिया गया, जबकि सितंबर माह में अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं मिला. वहीं अक्टूबर माह में भी अंगूठा लगाकर आधा राशन ही दिया गया. राशन नहीं मिलने के कारण कई परिवारों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. पीड़ितों की बात गंभीरता से सुनते हुए जिप सदस्य कन्हाई सिंह ने नवनियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित तिवारी से तत्काल संपर्क किया और उन्हें मौके पर बुलाकर पूरे मामले से अवगत कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलर ज्वाला प्रसाद से दूरभाष पर बात कर उन्हें तत्काल बुलाया और सभी लंबित राशन का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मौके पर ही सभी कार्डधारियों को उनका लंबित राशन उपलब्ध कराया गया.
राशन मिलने के बाद कार्डधारियों ने राहत की सांस ली और जिप सदस्य एवं आपूर्ति पदाधिकारी के प्रति आभार जताया. वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में राशन वितरण व्यवस्था की निगरानी और पारदर्शिता को लेकर सवाल भी खड़े हो गए हैं.
यह भी पढ़ें: कोल्हान विश्वविद्यालय के कुड़मालि के छात्र-छात्राएं ने चक्रधरपुर का किया भ्रमण, शहीदों को किया याद