न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. भारत सरकार की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें लोक कल्याण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा. इसको लेकर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है.
प्रतुल शाहदेव
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन को पद्म भूषण देने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया. प्रतुल ने कहा शिबू सोरेन ने अपने जीवन में शराब बंदी के लिए और महाजनी प्रथा के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया था. विषम परिस्थितियों में संघर्ष करके वह मुख्यमंत्री भी बने थे. झारखंड आंदोलन को उन्होंने धारदार भी बनाया था.पदम भूषण की घोषणा उनके संघर्षों के लिए एक बड़ा संदेश है.
रघुवर दास
झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन के अग्रदूत, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्मभूषण (मरणोपरांत) सम्मान मिलना हर झारखंडवासी के लिए गौरव का क्षण है. उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड की पहचान, आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और सामाजिक न्याय की लड़ाई को समर्पित किया है. उनका संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है. यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि झारखंड की मिट्टी, संघर्ष की परंपरा और जनआंदोलन की भावना का सम्मान है. गुरुजी को यह सम्मान प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री Amit Shah का साधुवाद. गुरुजी को सादर नमन.
अर्जुन मुंडा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, दिशोम गुरु श्रद्धेय शिबू सोरेन को मरणोपरांत 'पद्म भूषण' से सम्मानित किए जाने पर प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार व्यक्त करता हूं.
राजेश ठाकुर
झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हम सभी के अभिभावक पूर्व मुख्यमंत्री गरीबों, शोषितों एवं आदिवासियों की बुलंद आवाज रहे दिशोम गुरु आदरणीय शिबू सोरेन जी को मरणोपरांत पद्म विभूषण से विभूषित करने के लिए धन्यवाद किंतु सच्चाई ये है कि झारखंड ही नहीं देश और दुनिया के लोग उन्हें भारत रत्न के रूप में देखते हैं और वो भारत रत्न के असली हकदार हैं. हम सभी के लिए आदरणीय गुरु जी भारत रत्न हैं और रहेंगे.
दीपक प्रकाश
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन जी को मरणोपरांत “पद्म भूषण” से सम्मानित किया जाना केवल एक व्यक्तित्व का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के स्वाभिमान, संघर्ष और माटी का सम्मान है. इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री Narendra Modi जी एवं माननीय गृह मंत्री Amit Shah जी का हार्दिक धन्यवाद. यह सम्मान झारखंड के इतिहास को राष्ट्रीय पहचान देने वाला है.
चंपई सोरेन
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को लोक कल्याण के क्षेत्र में कार्य के लिए पद्म भूषण सम्मान देने की घोषणा की गई है। इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं केन्द्र सरकार को धन्यवाद !
ये भी पढ़ें- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान