उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज बालिका मध्य विद्यालय परिसर में मंगलवार को 'अंतरा' पुस्तक के लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन किया गया. साहित्यिक वातावरण के बीच पुस्तक का विमोचन हुआ और देश के प्रतिष्ठित कवियों एवं साहित्यकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया.
'अंतरा' पुस्तक के रचयिता साहित्यकार राजेश चक्रवर्ती हैं. कार्यक्रम का सफल संचालन कवि राकेश कुमार ने किया. समारोह में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, बुद्धिजीवी और स्थानीय लोग शामिल हुए. हास्य कवि बसंत जोशी ने अपनी हास्य कविताओं से उपस्थित श्रोताओं को खूब गुदगुदाया. उनकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. वहीं कवित्री डॉ. संगीता नाथ ने अपनी कविता-
'वक्त की धारा बदलना है कठिन सबके लिए,
एक नया सूरज हथेली पर उगा कर देखिए...'
का भावपूर्ण पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनकी प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा.
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपन्यासकार मनमोहन पाठक, सुदर्शन चेतन, हास्य कवि बसंत जोशी, कवित्री डॉ. संगीता नाथ एवं श्रीमती स्नेह प्रभा उपस्थित रहीं. इस अवसर पर ब्रजकिशोर चौबे, शंभू, प्रभारी अकलू मोहली, शंकर किशोर महतो, रेवती रमण, महेंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में साहित्य और संस्कृति के संरक्षण तथा नई पीढ़ी में साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दिया गया. 'अंतरा' पुस्तक का लोकार्पण समारोह राजगंज के साहित्यिक जगत के लिए एक यादगार आयोजन साबित हुआ.
यह भी पढ़ें: हूल क्रांति ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी, सिदो–कान्हू का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर