न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा भारतमाला परियोजना अंतर्गत रायपुर–धनबाद आर्थिक कॉरिडोर के महत्वपूर्ण गोला-बोकारो 4-लेन खंड का निर्माण कार्य प्रगति पर है. लगभग 32 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की कुल पूंजीगत लागत ₹1007 करोड़ है. वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति 88 प्रतिशत हो चुकी है, जो समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की दिशा में NHAI की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
यह परियोजना झारखंड में सड़क अवसंरचना को नई मजबूती प्रदान करते हुए क्षेत्रीय संपर्क, औद्योगिक गतिविधियों तथा व्यापारिक परिवहन को अधिक सुगम बनाएगी. यातायात को अधिक सुरक्षित एवं निर्बाध बनाने के लिए दांतू , चोपादारू तथा मगनपुर सहित कुल तीन बाईपास विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय आबादी पर यातायात का दबाव कम होगा तथा यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी.
परियोजना के अंतर्गत सड़क सुरक्षा एवं निर्बाध आवागमन को प्राथमिकता देते हुए 5 लघु पुल (Minor Bridges) तथा 74 कल्वर्ट (Box/Pipe/Slab Culverts) का निर्माण किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल एवं प्राकृतिक जल निकासी सुचारु बनी रहे तथा मार्ग की संरचनात्मक स्थिरता सुनिश्चित हो सके.
इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार की ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण भी किया जा रहा है, जिनमें 4 वाहन अंडरपास (VUP – Vehicular Underpass), जिनके माध्यम से स्थानीय वाहनों को राजमार्ग के नीचे से सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी, 8 वाहन ओवरपास (VOP – Vehicular Overpass), जिनके द्वारा स्थानीय यातायात को राजमार्ग के ऊपर से निर्बाध रूप से पार कराया जाएगा, 4 हल्के वाहनों के अंडरपास (LVUP – Light Vehicular Underpass) जो कार, जीप, मोटरसाइकिल एवं अन्य हल्के वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए निर्मित किए जा रहे हैं, 5 लघु वाहन अंडरपास (SVUP – Small Vehicular Underpass) जिनका उपयोग ग्रामीण एवं स्थानीय छोटे वाहनों के आवागमन हेतु किया जाएगा, 2 हाथी अंडरपास (EUP – Elephant Underpass) तथा 1 पशु ओवरपास (EOP – Animal Overpass) का निर्माण किया जा रहा है, जिससे वन्यजीवों की प्राकृतिक आवाजाही बाधित न हो तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष की संभावना कम हो सके.
स्थानीय निवासियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से लगभग 30 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का भी विकास किया जा रहा है. इन सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय यातायात मुख्य राजमार्ग से पृथक रहेगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक होगा.
राजमार्ग उपयोगकर्ताओं की सुविधा एवं आराम को ध्यान में रखते हुए परियोजना में 2 आधुनिक वे-साइड सुविधाओं (Wayside Amenities) का भी प्रावधान किया गया है. इन सुविधाओं में यात्रियों एवं वाहन चालकों के लिए स्वच्छ शौचालय, पेयजल, विश्राम स्थल, वाहन पार्किंग, भोजन एवं अल्पाहार की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार (First Aid), ईंधन एवं वाहन सेवा संबंधी सुविधाएँ तथा आवश्यकता अनुसार अन्य यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा.
इस दौरान क्षेत्रीय अधिकारी, रांची श्री संतोष कुमार आर्य ने बताया की गोला-बोकारो खंड रायपुर–धनबाद आर्थिक कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो झारखंड की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा. NHAI इस परियोजना को निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए सतत प्रयासरत है.
परियोजना पूर्ण होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित, तेज़ और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को उल्लेखनीय बढ़ावा प्राप्त होगा. NHAI आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के माध्यम से देश की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है.
यह भी पढ़ें: सरला बिरला पब्लिक स्कूल में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान को समर्पित प्रेरणादायी आयोजन