अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिला में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (यूजी)/NEET (UG)– 2026 (RE-NEET) के सफल संचालन को लेकर गढ़वा उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संबंधित पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गयें. गढ़वा शहर के स्थानीय एसएसजेएस नामधारी कॉलेज, आर.के. प्लस टू गोविंद हाई स्कूल एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गढ़वा में आगामी 21 जून 2026 को आयोजित किए जाने वाले NATIONAL ELIGIBILITY CUM ENTRANCE TEST/NEET (UG)– 2026 की परीक्षा को लेकर उन्होंने उक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बतातें चलें कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आगामी 21 जून 2026 को पुन: आयोजित कराई जा रही है. इसके सफल संचालन के लिए उपायुक्त श्री मिश्रा ने गढ़वा स्थित परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं यथा- पेयजल एवं शौचालय, साफ सफाई, लाइटिंग, निर्धारित संख्या में परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के साथ सभी कार्य समयबद्ध रूप से करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को समस्या का सामना न करना पड़े.
बैठक में उनके द्वारा प्रतिनियुक्त सभी संबंधित दंडाधिकारियों/ पदाधिकारियों को सभी केन्द्रों पर निर्गत निदेश के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें. परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की तिथि को वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी तथा HHMD टूल्स अनिवार्य रूप से उपयोग कराने का निर्देश दिए, जिससे कोई भी परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल न कर सके.
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को मोबाईल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच और किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा.परीक्षार्थियों की प्रवेश द्वार पर HHMD से जाँच की जायेगी. उन्होंने स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा दिए गये सभी दिशा-निर्देश के अनुसार स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के लिए हम सभी प्रतिबद्ध है.
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि इस बार परीक्षा के लिए 15 मिनट का अधिक समय दिया गया है. यह अतिरिक्त समय विशेष रूप से परीक्षा के दिन की अनिवार्य औपचारिकताओं- जैसे उपस्थिति दर्ज करना, बायोमेट्रिक सत्यापन और आईडी जांच आदि को पूरा करने के लिए जोड़ा गया है, ताकि छात्र के वास्तविक परीक्षा समय में कोई कटौती न हो. उक्त मौके पर गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, सीआरपीएफ कमांडेंट 172 बटालियन, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, सभी संबंधित केन्द्राधीक्षक एवं परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी, गढ़वा, अंचल अधिकारी, गढ़वा, अंचल अधिकारी, रंका व अन्य संबंधित उपस्थित थें.
यह भी पढ़ें: किस्को दौरे पर उपायुक्त ने शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास योजनाओं का लिया जायजा