अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
बुंडू/डेस्क: तमाड़ थाना क्षेत्र में घटित सामूहिक दुष्कर्म कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरूद्ध किया गया है.
दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को ग्राम मरधान, थाना तमाड़ की एक पीड़िता द्वारा थाना में आवेदन दिया गया था कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है. आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 110/2025 धारा 70 (1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई :
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुण्डू ओम प्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने अनुसंधान प्रारंभ करते हुए त्वरित कार्रवाई की.
घटनाक्रम :
जाँच में पता चला कि पीड़िता का उसके मौसेरे भाई सुषेन मछुवा (सा० कपड़िया, थाना अड़की, जिला खूँटी) से अवैध संबंध था. दिनांक 30 सितम्बर 2025 को सुषेन ने पीड़िता को मेला दिखाने के बहाने मरधान मोड़ बुलाया, जहाँ से दोनों पैदल राँची-टाटा मार्ग की ओर बढ़े. इसी दौरान नौ आरोपियों के एक समूह ने दो मोटरसाइकिल और एक बोलेरो की मदद से दोनों का अपहरण कर लिया.
इसके बाद सोनाटुंगरी के सुनसान इलाके में चार अभियुक्तों द्वारा पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. कुछ देर बाद शेष अभियुक्त भी वहाँ पहुँचे और उन्होंने भी दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. बाद में पीड़िता को बोलेरो से लौंड्रा पुल के पास ले जाकर अभियुक्त मस्तान महतो ने अपने बुण्डू स्थित किराये के कमरे में रखा और पुनः शारीरिक शोषण किया. अंततः 6 अक्टूबर को उसने पीड़िता को सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गया.
गिरफ्तार अभियुक्त :
- सुषेन मछुवा, उम्र 26 वर्ष, पिता मंगल मछुवा, सा० कपड़िया, थाना अड़की, जिला खूँटी.
- मस्तान महतो, उम्र 24 वर्ष, पिता पुरन्दर महतो, सा० चिरूडीह, थाना तमाड़, जिला राँची.
- जलेश्वर महतो उर्फ गंभीर महतो, उम्र 22 वर्ष, पिता लखन लाल महतो, सा० काँशीडीह, थाना तमाड़.
- मनोज पुरान, उम्र 24 वर्ष, पिता स्व. गोकुल पुरान, ग्राम मरधान, थाना तमाड़.
निरूद्ध बालक: 02 विधि-विरुद्ध बालक.
जब्त सामान:
कांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH01AA 3115).
छापामारी दल:
- ओम प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुण्डू.
- प्रवीण कुमार मोदी, थाना प्रभारी, तमाड़.
- शंभू पंडित, पु.अ.नि., तमाड़ थाना.
- गणेश चौड़े, पु.अ.नि., तमाड़ थाना.
- अजय प्रताप, स.अ.नि., तमाड़ थाना.
- तमाड़ थाना के सशस्त्र बल.
पुलिस ने बताया कि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. यह कार्रवाई तमाड़ पुलिस की सतर्कता और त्वरित जांच का परिणाम है.
यह भी पढ़ें: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 45–घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उप निर्वाचन 2025 हेतु की समीक्षा बैठक