न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आदित्यपुर के यात्रियों के लिए अच्छी खबर हैं. रेलवे ने घोषणा की है कि फरवरी महीने से आदित्यपुर स्टेशन से टाटानगर के लिए चार जोड़ी ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा. फिलहाल एक जोड़ी ट्रेन पहले से चल रही हैं. नई ट्रेनों की घोषणा से यात्रियों में खुशी है, लेकिन साथ ही स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं.
स्टेशन पर सुविधाओं का अभाव
यात्रियों का कहना है कि आदित्यपुर स्टेशन पर अभी आवश्यक यात्री सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं. प्लेटफॉर्म नंबर एक को छोड़कर अन्य प्लेटफॉर्मों पर डस्टबिन नहीं लगाए गए हैं. प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइन और वाटर बूथ के आसपास कचरा फैला हुआ हैं. आरोप है कि लंबी दूरी की ट्रेनों के हाउसकीपिंग कर्मचारी ट्रेन के ठहराव के दौरान कचरा रेलवे लाइन के किनारे फेंक देते है, जिससे गंदगी और बढ़ जाती हैं.
पानी, शेड और खानपान की समस्या
स्टेशन पर क्विक वाटरिंग सिस्टम नहीं होने के कारण ट्रेनों के कोचों में टैंकर के माध्यम से पानी भरा जाता हैं. प्लेटफॉर्मों पर शेड छोटे होने से धूप और बारिश में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता हैं. चार और पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर खानपान स्टॉल भी नहीं हैं. इसके अलावा ट्रेन और कोच डिस्प्ले बोर्ड की भी व्यवस्था नहीं हैं. कई नलों की टोटियां टूटी हुई है, जिससे पीने के पानी की समस्या बनी रहती हैं.
फिलहाल आदित्यपुर से हटिया के लिए एक जोड़ी मेमू ट्रेन का संचालन हो रहा हैं. फरवरी से पांच जोड़ी ट्रेनों के संचालन के बाद यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की संभावना हैं.जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में यात्री आदित्यपुर स्टेशन पहुंचेंगे. ऐसे में कोचों के शौचालयों और प्लेटफॉर्म पर पीने के पानी की समस्या और गंभीर हो सकती हैं.
दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को होगी परेशानी
मौजूदा हालात में ट्रेनों के संचालन से दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 5 तक आने-जाने में दिक्कत हो सकती हैं. हालांकि, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने का सर्वे कराया गया हैं. स्टेशन गेट से प्लेटफॉर्म तक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई हैं. खानपान स्टॉल के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैं.
इस संबंध में एईएन-2 आदित्यपुर रेल क्षेत्र ने बताया कि आदित्यपुर स्टेशन पर सुधार कार्य शुरू हो चुके हैं. क्विक वाटरिंग सिस्टम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा. स्टेशन की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
यह भी पढ़े: IBPS RRB Clerk Prelims 2025 का रिजल्ट जारी, अब 1 फरवरी को होगी मेंस परीक्षा