प्रेम कुमार सिंह,न्यूज 11 भारत.
भरनो (गुमला)डेस्क:- एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर जुरा नगड़ी मोड़ के समीप सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से साइकिल सवार एक वृद्ध समेत स्कूटी सवार महिला,पुरुष और तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया.दुर्घटना में घायल सभी चार लोगों को ग्रामीणों की मदद से भरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया.घायलों में दुम्बो गांव निवासी साइकिल सवार एतवा महली (60 वर्ष) तथा जुरा खलवीटोली निवासी स्कूटी सवार छोटू उरांव (36 वर्ष),सुकरमनी देवी (30 वर्ष) और उनकी तीन वर्षीय पुत्री अनुष्का कुमारी शामिल हैं.मिली जानकारी के अनुसार,एतवा महली सोमवार की देर शाम साइकिल से दुम्बो गांव से जुरा की ओर जा रहे थे.वहीं छोटू उरांव अपनी पत्नी सुकरमनी देवी और तीन वर्षीय बेटी अनुष्का कुमारी को स्कूटी पर बैठाकर अपने गांव जुरा खलवीटोली की ओर जा रहे थे.इसी दौरान जुरा नगड़ी मोड़ के समीप पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने साइकिल और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल और स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए.घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.दुर्घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना के सब इंस्पेक्टर अभिनंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सड़क से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया.अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.प्राथमिक उपचार के बाद एतवा महली,छोटू उरांव और तीन वर्षीय अनुष्का कुमारी की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया.वहीं सुकरमनी देवी का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच-23 पर जुरा नगड़ी मोड़ के समीप तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है.