न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड विधानसभा में आज राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग का बजट प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि झारखंड की जनता के विश्वास, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का संकल्प है. मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के हर नागरिक को सुलभ, सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले, कोई गरीब भूखा न सोए और संकट की घड़ी में सरकार हर नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी रहे.
बजट प्रस्तुत करते हुए डॉ. अंसारी ने तीनों विभागों के लिए महत्वपूर्ण प्रावधानों की घोषणा की—
स्वास्थ्य विभाग: ₹7,990 करोड़ 29 लाख 55 हजार
खाद्य आपूर्ति विभाग: ₹2,887 करोड़ 26 लाख 55 हजार
आपदा प्रबंधन विभाग: ₹1,859 करोड़ 46 लाख 45 हजार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रही है. इसी क्रम में राज्य में 8 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे. पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज और लातेहार में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी. इससे राज्य के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी मजबूत होगी.
इसके साथ ही झारखंड में चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा देने के लिए राज्य की पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की भी घोषणा की गई है. यह विश्वविद्यालय मेडिकल शिक्षा, शोध और आधुनिक चिकित्सा प्रणाली को मजबूत करेगा. मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और झारखंड का स्वास्थ्य तंत्र देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो.
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में झारखंड आंदोलन के महानायक गुरु शिबू सोरेन को नमन करते हुए कहा कि उनके सपनों के झारखंड — जहां आदिवासी, दलित, गरीब, किसान और वंचित वर्ग को सम्मान और अधिकार मिले — उसी दिशा में यह बजट एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की भलाई, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है.
ये भी पढ़ें- झारखंड: राजेंद्र दास बनाए गए देवघर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष