न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने केंद्र सरकार के द्वारा लिए गए कई सारे ऐतिहासिक फैसले को लेकर अपना बयान दिया है. अपनी बातों को रखते हुए पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने कहा, ' भारत में कुछ लोगों को लगता था कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 कभी नहीं हट सकता, तीन तलाक के खिलाफ कानून नहीं बन सकता, देश में नोटबंदी नहीं हो सकती, सीएए लागू नहीं हो सकता, हर नागरिक का बैंक अकाउंट नहीं खुल सकता, देश में विश्वस्तरीय हाईवे नेटवर्क नहीं बन सकता, या फिर 80 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त राशन नहीं मिल सकता, लेकिन यह सब संभव हुआ.'
वहीं अपनी बातों को आगे रखते हुए पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने कहा, 'इतना सब कुछ होने के बाद भी कुछ लोगों को लगता है कि अनुच्छेद 342 में बदलाव नहीं हो सकता, या डीलिस्टिंग कभी लागू नहीं हो सकती. जिस सरकार ने करोड़ों गरीबों को आवास, शौचालय, चिकित्सा सुविधा (आयुष्मान भारत), रसोई गैस एवं बिजली का कनेक्शन दिया, जिसके कार्यकाल में आदिवासियों के लिए सैकड़ों एकलव्य विद्यालय खुले, पीएम जनमन योजना शुरू हुई, वही सरकार आदिवासियों का अस्तित्व बचाने के लिए यह कदम भी उठायेगी. इंतजार कीजिए, कई गलतफहमियां टूटने को हैं.'
यह भी पढ़ें: रामनवमी को लेकर नगड़ी में शांति फ्लैग मार्च, ड्रोन से होगी विशेष निगरानी