संतोष मेहता/न्यूज़ 11 भारत
बुंडू/डेस्क: रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर बुंडू थाना क्षेत्र के वासिदा गांव के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. फ्लिपकार्ट का एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा. इस दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.
कंटेनर कोलकाता से रांची की ओर पार्सल लेकर जा रहा था. जैसे ही वाहन वासिदा गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश की. इसी दौरान कंटेनर चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई. लोगों ने राहत कार्य में सहयोग करते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने बताया कि चालक सुरक्षित है और मामले की जांच की जा रही है. साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को खाई से निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
यह घटना एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है. यदि समय रहते चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता नहीं होती, तो यह हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था.
यह भी पढ़ें: लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र के उचुवाबर गांव में पिता ने ही अपने पुत्र को उतारा मौत के घाट