न्यूज11 भारत
कुड़ू/डेस्क: एनएच-75 कुडू–रांची मुख्य मार्ग पर झिंगी मोड़ के समीप बाइक और टेंपो की जोरदार टक्कर में तीन स्कूली छात्र सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को भाजपा युवा मोर्चा कुडू प्रखंड अध्यक्ष सरजू साहू ने ग्रामीणों के सहयोग से रांची जा रही एक निजी एंबुलेंस की मदद से तत्काल कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए पांचों घायलों को रिम्स रांची रेफर कर दिया. जानकारी के अनुसार उत्क्रमित उच्च विद्यालय झिंगी के नौवीं कक्षा के छात्र मकांदु निवासी एजाज खान, शाहीर खान और बबलू खान माराडीह स्थित परीक्षा केंद्र से नौवीं बोर्ड की परीक्षा देकर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चेटर मोड़ के पास एक टेंपो से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और टेंपो के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में बाइक सवार तीनों छात्रों के अलावा टेंपो पर सवार लोहरदगा के अरकोसा निवासी 45 वर्षीय शिवचंद उरांव और कुडू थाना क्षेत्र के 46 वर्षीय लोकनाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में तीन की हालत अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही कुडू के अंचलाधिकारी संतोष उरांव अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
यह भी पढ़ें: बिपुल गुप्ता ने रचा इतिहास: UPSC में 103वीं रैंक हासिल कर बने IAS, चटकपुर में जश्न का माहौल