प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी,तेज धूप और उमस भरे मौसम से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था. लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों से निकलने से बच रहे थे. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता था. गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों का दैनिक कार्य करना भी मुश्किल हो गया था. वहीं कई लोग लू और गर्मी जनित बीमारियों की चपेट में भी आने लगे थे.
इसी बीच गुरुवार की दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली. आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. करीब डेढ़ घंटे तक हुई लगातार जोरदार बारिश ने पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना बना दिया. बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली. लंबे समय बाद मौसम में आए इस बदलाव से लोगों के चेहरे खिल उठे. बारिश शुरू होते ही बच्चे,युवा और बुजुर्ग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए. बाजारों और चौक-चौराहों पर भी लोगों के बीच बारिश को लेकर उत्साह देखा गया.
लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद यह बारिश किसी राहत की सौगात से कम नहीं है. वहीं इस बारिश से किसानों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है. क्षेत्र के किसान इन दिनों विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर रहे हैं, जिन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता थी. लगातार गर्मी और बारिश नहीं होने के कारण किसान चिंतित थे. गुरुवार को हुई बारिश ने उनकी चिंता काफी हद तक दूर कर दी.
किसानों ने बताया कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे सब्जियों की फसलों को लाभ मिलेगा और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा. ग्रामीणों का मानना है कि यह इस वर्ष मानसून की पहली अच्छी बारिश है. लोगों के अनुसार इस बारिश के साथ ही क्षेत्र में मानसून ने दस्तक दे दी है. मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों को भी बेहतर कृषि उत्पादन की उम्मीद जगी है. क्षेत्र के लोगों को अब आगे भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों को गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, मुक्तिधाम में लगाए गए 15 से अधिक फलदार पौधे