न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रांची से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता बबन प्रसाद पर फायरिंग मामले में रातू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वर्ष 2024 में हुई इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य शूटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में रातू थाना क्षेत्र के ब्रजपुर इलाके में झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता बबन प्रसाद पर अपराधियों ने गोलीबारी की थी. इस घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.
अब रांची एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल शूटर अनुज कुमार मेहता और गुलशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की घटना के पीछे की साजिश क्या थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे. संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं. अधिवक्ता पर हुई गोलीबारी की घटना ने उस समय पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. ऐसे में इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. फिलहाल, पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला, शस्त्र लाइसेंस की पूरी प्रक्रिया हुई डिजिटल