न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सरफराज आलम / लखीसराय - लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श लक्ष्मीपुर गांव में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक बथान से 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान गांव निवासी शंकर यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़हिया थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है।
हाइलाइट्स -
- बड़हिया थाना क्षेत्र के आदर्श लक्ष्मीपुर गांव में 70 वर्षीय शंकर यादव का शव बथान से मिला।
- परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया।
- गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल, पुलिस जांच में जुटी।
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
परिजनों का हत्या का आरोप और पुराना विवाद
परिजनों के अनुसार शंकर यादव बुधवार की देर शाम घर से निकलकर गांव स्थित अपने बथान पर सोने के लिए गए थे। गुरुवार सुबह जब परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की बेटी नीतू देवी और चचेरे भाई लगन यादव ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि करीब दो वर्ष पूर्व गांव के ही नवीन यादव की बेटी और शंकर यादव के बेटे के बीच प्रेम प्रसंग के चलते दोनों घर से भाग गए थे, जिसके बाद से दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के कारण शंकर यादव की गला दबाकर हत्या की गई है।
पुलिस जांच और गांव में तनाव का माहौल
परिजनों ने यह भी बताया कि पांच दिन पहले दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हुआ था, जिसमें जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इसी आधार पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। साथ ही उन्होंने बड़हिया थाना पुलिस पर मामले में ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं- दुर्घटना, प्राकृतिक मृत्यु और हत्या- को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इसे भी पढ़ें - कारगिल दियारा में वायरल वीडियो से हड़कंप, किसानों को रोकने-धमकाने और रंगदारी के आरोप से बढ़ी चिंता