ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: मां को पीटते हुए पिता का विरोध करना एक बेटे को भारी पड़ गया. बरमसिया ओपी क्षेत्र के आगरडीह गांव निवासी 24 वर्षीय पप्पू सिंह चौधरी ने अपने पिता 48 वर्षीय दीपक सिंह चौधरी के विरुद्ध बरमसिया ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत में पप्पू सिंह चौधरी ने बताया है कि उसके पिता अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर उसकी मां के साथ मारपीट करते रहते हैं. शनिवार की सुबह भी किसी बात को लेकर पिता अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे. इसी दौरान पप्पू घर पहुंचा और मां को बचाने का प्रयास करते हुए पिता के इस कृत्य का विरोध किया.
आरोप है कि विरोध से नाराज होकर दीपक सिंह चौधरी घर के अंदर से चाकू निकाल लाए और पुत्र पर हमला कर दिया. पप्पू ने बताया कि उसने बचाव के लिए झुकते हुए हाथ आगे कर दिया, जिससे चाकू उसके हाथ में लग गया और उसे गंभीर चोट आई.
घटना के बाद घायल युवक ने बरमसिया ओपी पहुंचकर अपने पिता के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: साहूबहियार के पास सर्विस लाइन पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, दोनों बाइक क्षतिग्रस्त; युवक बाल-बाल बचे