विकास कुमार/न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद अनुमंडल के हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्रों में नीलगायों के आतंक से किसान गंभीर संकट में हैं. गेहूं, सब्ज़ी, अरहर और चना की फसलें लगातार रौंदी जा रही हैं, जिससे कई किसानों ने कुछ फसलों की खेती पूरी तरह छोड़ दी है. हालात ऐसे हैं कि अब फसल उगाने के साथ-साथ अनाज को सुरक्षित घर तक लाना भी चुनौती बन गया है. फसल बचाने के लिए किसानों ने खेतों के चारों ओर कंटीले तार सहित अन्य उपाय लगाए गए है, लेकिन यह उपाय भी कारगर नहीं रहा. और खेती बर्बाद होती रही, नतीजतन किसानों की आय घट रही है और कर्ज़ का बोझ बढ़ता जा रहा है.इसी बीच हुसैनाबाद के दंगवार क्षेत्र में एक वैकल्पिक उपाय सामने आया है. वी के एस एग्रिफार्म प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक व प्रगतिशील किसान प्रिय रंजन सिंह के अनुसार, पुदीना (पिपरमेंट) की तेज़ खुशबू नीलगायों को फसल से दूर रखती है. खेतों की मेड़ पर पुदीना लगाने से मुख्य फसल को नुकसान कम होता है और किसानों को अतिरिक्त आय भी मिल सकती है. किसानों का कहना है कि नीलगायों से राहत के लिए प्रशासन और कृषि विभाग को सामूहिक बाड़, वैज्ञानिक उपाय और मुआवज़ा जैसी योजनाओं पर गंभीरता से काम करना चाहिए, ताकि खेती से हो रहे मोहभंग को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद के दर्जनों दिव्यांगजनों को मिला सहारा, उपकरण पाकर खिले चेहरे