संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू संसदीय क्षेत्र के निवासियों के लिए सुगम और सुरक्षित आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है. पलामू सांसद विष्णु दयाल राम जी के निरंतर प्रयासों से शाहपुर–गढ़वा सड़क के पलामू जिला अंतर्गत आने वाले जर्जर हिस्से के सुधार एवं उन्नयन कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है. गढ़वा जिला सीमा से शाहपुर चौक तक कुल 17.44 किलोमीटर (चैनज 13.00 किमी से 30.44 किमी तक) लंबी सड़क के जीर्णोद्धार के लिए पथ निर्माण विभाग द्वारा 13 करोड़ 71 लाख 10 हजार 600 रुपये मंजूर किए गए हैं.
यह सुधार कार्य राइडिंग क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम (IRQP) के तहत संपन्न कराया जाएगा. उल्लेखनीय है कि इस सड़क का गढ़वा जिला सीमा में पड़ने वाला लगभग 13 किलोमीटर का हिस्सा पहले ही बनकर तैयार हो चुका है, जबकि पलामू क्षेत्र का हिस्सा लंबे समय से जर्जर स्थिति में था.
स्थानीय सांसद विष्णु दयाल राम द्वारा पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार से पत्राचार और व्यक्तिगत मुलाकात के बाद इस योजना को मंजूरी दी गई है. विभाग की ओर से निविदा (टेंडर) प्रकाशित कर दी गई है. निविदा निष्पादन की प्रक्रिया पूरी होते ही धरातल पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. इस सड़क के बनने से पलामू, गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों के बीच यातायात सुगम, सुरक्षित और तीव्र हो सकेगा.