अजीत कुमार/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) उमेश मंडल के नेतृत्व में तुबेद कोल माइंस परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान कोल माइंस में कार्यरत भारी वाहन चालकों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीटीओ उमेश मंडल ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना हम सभी का केवल दायित्व ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है. नियमों का कड़ाई से पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और यदि दुर्घटना होती भी है तो जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
उन्होंने चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें. इससे न केवल चालक स्वयं सुरक्षित रहेंगे, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोग भी सुरक्षित रह सकेंगे. इस अवसर पर तुबेद कोल माइंस के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में भारी वाहन चालक उपस्थित थे. सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया.