न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के हटिया स्थित मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में बुधवार को CBI की टीम ने छापेमारी की थी. इस कार्रवाई के दौरान रेलवे के चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था. इसके अलावा, सीनियर डीसीएम शुचि सिंह से भी मामले में पूछताछ की गई.
घटना के सामने आने के बाद रेलवे विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची रेल मंडल में दो वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है. सीनियर डीसीएम के पद पर तैनात शुचि सिंह को रेलवे दावा अधिकरण में कार्मिक अधिकारी के रूप में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि श्रेया सिंह को नया सीनियर डीसीएम नियुक्त किया गया है.
ठेकेदार की शिकायत पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेकेदार अजय त्यागी ने CBI को लिखित शिकायत दी थी कि उसका 8.50 लाख रुपये का बिल लंबित है. आरोप है कि इस बिल के भुगतान के एवज में चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे. शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी अधिकारी इस रकम में सीनियर डीसीएम की हिस्सेदारी होने की बात भी कर रहा था. CBI ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद की PC, झारखंड पुलिस के कार्यशैली पर उठाया सवाल, DGP पर साधा निशाना