विकास कुमार/न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में प्रशासनिक जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है. पलामू के असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनाबाद में पदस्थापित दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि भूषण को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद का स्वास्थ्य उपाधीक्षक बनाया गया है.
कार्यालय आदेश में डॉ. शशि भूषण को अस्पताल का निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी भी घोषित किया गया है. वहीं, पूर्व निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार रवि, जो वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गड़बांध, गढ़वा में पदस्थापित हैं, उन्हें डॉ. शशि भूषण को अस्पताल का प्रभार सौंपने का निर्देश दिया गया है.
प्रभार हस्तांतरण के बाद संबंधित प्रतिवेदन की सात प्रतियां मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय में प्रतिहस्ताक्षर के लिए जमा करने को कहा गया है. आदेश के बाद अस्पताल की प्रशासनिक एवं वित्तीय व्यवस्था में डॉ. शशि भूषण की नई भूमिका महत्वपूर्ण होगी.
इसे भी पढ़ें: नेपाल के बाढ़ में पलामू का मजदूर लापता, चिंतित परिजन लगा रहे मदद की गुहार