न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में ठंड ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया हैं. शीतलहर और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा हैं. राजधानी रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि कांके में पारा गिरकर 5.4 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए है कि अगले 6 दिनों तक ठंड, धुंध और कोहरे से राहत की उम्मीद नहीं हैं.
16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया हैं. सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता हैं. खासतौर पर सुबह-शाम वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई हैं. प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया हैं. डाल्टनगंज में 6.5 डिग्री, लोहरदगा में 7.1 डिग्री, गुमला और खूंटी में 7.3 डिग्री, हजारीबाग में 7.6 डिग्री, कोडरमा में 8.1 डिग्री, बोकारो और चाईबासा में 9.2 डिग्री तथा लातेहार में 9.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. इन जिलों में ठंड के कारण सुबह-शाम घरों से निकलना मुश्किल हो गया हैं.
6 दिनों तक जारी रहेगी शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार अगले 6 दिनों तक प्रदेश में धुंध और शीतलहर का असर बना रहेगा. रात के तापमान में और गिरावट के संकेत हैं, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती हैं. ग्रामीण इलाकों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा हैं. चिंता की सबसे बड़ी वजह अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट हैं. राज्य के पांच जिलों में दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे चला गया हैं. हजारीबाग में अधिकतम तापमान महज 15.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम 7.6 डिग्री रहा. इसके चलते दिन में भी सिहरन महसूस हो रही हैं.
यह भी पढ़े: लालपुर थाना की पुलिस ने लूट के आरोपी को किया गिरफ्तार, ओला ड्राइवर से बंदूक की नोंक पर हुई थी लूटपाट