न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड ACB ने आय से अधिक संपत्ति मामले में अपनी जांच तेज कर दी है. इसी क्रम में बुधवार को एजेंसी ने ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को ACB मुख्यालय में तलब कर कई घंटों तक पूछताछ की. हालांकि अधिकारियों को पूछताछ से संतोषजनक जवाब नहीं मिले, जिसके बाद दोनों को गुरुवार को फिर से ACB मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
गौरतलब है कि इस मामले में निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल विनय चौबे न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं. जांच के दौरान ACB को अब तक कई कथित बेनामी और महंगी संपत्तियों से जुड़े सुराग मिले हैं. एजेंसी इन संपत्तियों के स्रोत और स्वामित्व की गहन पड़ताल कर रही है.
बताया जा रहा है कि बुधवार को जिन दो आरोपियों विनय सिंह और स्निग्धा सिंह से पूछताछ की गई, उन्हें इस मामले में पहले ही सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया से राहत मिल चुकी है. इसके बावजूद ACB जांच के सिलसिले में उनसे लगातार पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है.
ये भी पढ़ें- झारखंड में स्वास्थ्य क्रांति की नींव, 8 नए मेडिकल कॉलेज और पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी की घोषणा