मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा बस्ती का मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से लोगों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है. प्रतिदिन दो पहिया और चार पहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, पतरातु से मैक्लुस्कीगंज तक करीब तीन वर्ष पूर्व सड़क निर्माण कराया गया था. हालांकि, बचरा बस्ती के समीप मुआवजा विवाद के कारण लगभग आधा किलोमीटर सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया. अधूरी सड़क पर लंबे समय तक कोयला वाहनों सहित छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन होता रहा, जिससे वह पूरी तरह जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई और बाद में यह मार्ग बंद हो गया. मार्ग बंद होने के बाद सभी छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन बचरा बस्ती के मुख्य रास्ते से होने लगा.
लगातार वाहनों के दबाव के कारण बस्ती की सड़क भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बचरा पंचवटी रेलवे पुल से लेकर बस्ती के अंतिम छोर तक सड़क जगह-जगह टूट चुकी है. बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके कारण आए दिन वाहन चालक और राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क की बदहाल स्थिति से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. इस समस्या को देखते हुए बड़कागांव विधायक रौशनलाल चौधरी के प्रयास से बचरा पंचवटी रेलवे पुल से लेकर बचरा बस्ती के अंतिम छोर तक सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है. हालांकि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत या निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की है.