विकास कुमार/न्यूज़11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय के सभागार में मंगलवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक हुई. अध्यक्ष अजय कुमार भारती की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और राजस्व वसूली सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई. देवरी स्थित कुएं की सफाई, 30 एचपी मोटर खरीदने, वेंडिंग जोन की दुकानों के आवंटन और नगर पंचायत कार्यालय की भूमि की फेंसिंग सहित कई प्रस्तावों पर सहमति बनी. वहीं, गुलबाग स्टेडियम, हनुमान बीघा तालाब, जननायक कर्पूरी मैदान और छठ घाट के सौंदर्यीकरण तथा गोदामी पोखरा को अतिक्रमण मुक्त कराने पर भी चर्चा हुई.
विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची बनाने पर जोर
बैठक में नगर क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार करने पर चर्चा हुई. पेयजल, सड़क, पुल-पुलिया, नाली और स्ट्रीट लाइट से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई. सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराने पर जोर दिया गया.
शिकायतों के त्वरित निपटारे की कार्ययोजना बनेगी
नगरवासियों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई. इसके अलावा सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठाव और नालियों की सफाई की स्थिति की समीक्षा की गई.
राजस्व वसूली और कर्मियों के कार्यों की समीक्षा
बैठक में दुकानों, होल्डिंग, वाटर होल्डिंग, वाटर टैक्स, ट्रेड तथा बाजारों से होने वाली राजस्व वसूली की समीक्षा की गई. पंप हाउस कर्मी, स्ट्रीट लाइट कर्मी और चापाकल मिस्त्री सहित अन्य कर्मियों की उपस्थिति एवं उनके कार्यों की भी जानकारी ली गई.
पार्क, तालाब और छठ घाट के सौंदर्यीकरण पर सहमति
बोर्ड की बैठक में गुलबाग स्टेडियम, हनुमान बीघा तालाब, जननायक कर्पूरी मैदान और छठ घाट के सौंदर्यीकरण पर सहमति बनी. वहीं, गोदामी पोखरा को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति जताई गई.नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि नगर का विकास प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का प्रयास होगा. उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी ने भी नगर क्षेत्र के विकास के लिए सभी के सहयोग से कार्य करने की बात कही. बैठक में सांसद प्रतिनिधि सुबोध कश्यप, वार्ड पार्षद आशा देवी, अनिता साह, बबीता देवी, पिचरिया देवी, संगीता कुमारी, अभिमन्यु कुमार गुप्ता, राजेंद्र पाल, आनंद कुमार, फिरोजा शाहीन, सरवरी बीबी, राजकुमार कश्यप, उमा देवी, शंभु कुमार, अनवर आलम, नेपुरी देवी सहित अन्य नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे.