न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क: झारखंड के देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में गुरुवार को दानपेटियों की नियमित गिनती के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. भारतीय और अन्य विदेशी मुद्राओं के बीच 100 रुपये का पाकिस्तानी नोट मिलने से मंदिर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. मंदिर के इतिहास में इसे पहली बार की घटना माना जा रहा है.
विदेशी मुद्रा के बीच मिला पाकिस्तानी नोट
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और CCTV निगरानी के बीच जब दानपेटियां खोली गईं, तो उनमें भारतीय रुपयों के साथ अमेरिकी डॉलर, यूरो और नेपाली मुद्रा भी पाई गई. हालांकि, गिनती कर रहे कर्मचारियों को उस समय आश्चर्य हुआ जब उन्हें 100 रुपये का एक पाकिस्तानी नोट मिला. मंदिर प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी. जानकारों के अनुसार, पहले भी कई देशों की मुद्रा दानपेटियों में मिल चुकी है, लेकिन पाकिस्तानी नोट का मिलना असामान्य माना जा रहा है.
सुरक्षा एजेंसियों की जांच तेज
घटना के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस ने जांच तेज कर दी है. जानकारी के मुताबिक, 9 जनवरी को आखिरी बार दानपेटियां खोली गई थीं. इसके बाद से अब तक के सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इस अवधि में कोई व्यक्ति पाकिस्तानी पासपोर्ट के साथ देवघर आया था या नहीं. साथ ही विदेशी पर्यटकों के ठहरने वाले होटलों और धर्मशालाओं की भी जांच की जा सकती है. हालांकि यह संभावना भी जताई जा रही है कि किसी भारतीय नागरिक के पास पुराना पाकिस्तानी नोट रहा हो और उसने उसे दान में डाल दिया हो, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं.
अन्य घटनाओं से जुड़ रहे संभावित तार
सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता हालिया घटनाओं के कारण भी बढ़ी हुई है. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हाल ही में एक संदिग्ध युवक और युवती की गिरफ्तारी हुई थी, जिनके मोबाइल से बाबा बैद्यनाथ मंदिर के फोटो और वीडियो बरामद किए गए थे. सूत्रों के अनुसार, इन संदिग्धों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की आशंका जताई गई थी. जांच में यह भी सामने आया कि वे महत्वपूर्ण धार्मिक और रणनीतिक स्थलों की रेकी कर रहे थे. इसके अलावा, हाल के पहलगाम से जुड़े हमले और एक महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी जैसे मामलों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.
मंदिर में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है और मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. बरामद पाकिस्तानी नोट को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा का रहने वाला सुल्तान चलाता है अंतराज्यीय गिरोह! बंद घर में हुए चोरी का पुलिस ने किया उद्वेदन, 4 आरोपी गिरफ्तार