संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू शनिवार को पलामू दौरे पर रहेंगे। संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करने के लिहाज से इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
लातेहार से शुरू होगा सफर
तय कार्यक्रम के मुताबिक, के. राजू कल सुबह 9:00 बजे लातेहार से पलामू के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे वे पांकी प्रखंड पहुंचेंगे, जहां वे प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद वे क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर आम लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
तरहसी और मनातू में भी होंगी बैठकें
पांकी के बाद दोपहर 12:00 बजे वे तरहसी प्रखंड के तरिया पंचायत पहुंचेंगे। यहाँ वे जीपीसीसी की बैठक में शामिल होंगे और ग्रामीण इलाकों का भ्रमण करेंगे। इसके तुरंत बाद, दोपहर 1:30 बजे उनका मनातू प्रखंड जाने का कार्यक्रम है, जहाँ वे मनातू प्रखंड कांग्रेस कमेटी के सदस्यों के साथ संगठन की मजबूती पर चर्चा करेंगे।
शोक संतप्त परिवार से मिलेंगे
दोपहर 3:00 बजे के. राजू पलामू के एससी विभाग के दिवंगत अध्यक्ष अशोक पासवान के घर जाएंगे। वे दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
सर्किट हाउस में जिला कमेटी की बैठक, शाम को रांची रवानगी
इसके बाद दोपहर 3:30 बजे पलामू सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी की एक बड़ी बैठक बुलाई गई है, जिसमें के. राजू भाग लेंगे। इस बैठक में आगे की राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा होगी। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बाद, शाम 6:00 बजे वे पलामू से रांची के लिए रवाना हो जाएंगे, जहाँ उनका रात्रि विश्राम स्टेट गेस्ट हाउस में होगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन के कामकाज की समीक्षा करना, कार्यकर्ताओं से सीधा फीडबैक लेना और आने वाले दिनों के लिए रणनीति तैयार करना है।

यहभी पढ़ें: बरही में अंचल अधिकारी की छापेमारी, अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त कर बरही थाने को सौंपे गए