न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड इन दिनों कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं. गुरुवार को राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और पारा शिमला व जम्मू जैसे उत्तरी ठंडे शहरों से भी नीचे चला गया. रांची जिले के मैकलुस्कीगंज स्थित लिटिल स्टार अकादमी स्कूल परिसर में तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोर्डन गेस्ट हाउस में यह माइनस 2 डिग्री तक पहुंच गया. सुबह के वक्त घास पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमी दिखी, जिससे पूरे इलाके में कंपकंपा देने वाली ठंड का अहसास हुआ.
मौसम विभाग की ओर से भारी ठंड और शीतलहर का यलो अलर्ट जारी होते ही प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. रांची जिला प्रशासन ने सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं 9 और 10 जनवरी तक स्थगित रखने का आदेश दिया हैं. हालांकि, जिन स्कूलों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित है, वहां परीक्षा संचालन की अनुमति दी गई हैं. गुरुवार को राज्य के चार जिलों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से नीचे दर्ज किया गया. हजारीबाग में पारा 2.9 डिग्री, खूंटी में 3.2, मेदिनीनगर में 3.4 और लोहरदगा में 3.6 डिग्री तक गिर गया. वहीं रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया. हवा की रफ्तार करीब 1.8 किलोमीटर प्रति घंटा रही, लेकिन ठंडी हवा के कारण कनकनी लगातार बनी रही.
मौसम विभाग के अनुसार, आज शुक्रवार और शनिवार को राज्य के 12 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना हैं. इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी और सिमडेगा शामिल हैं. विभाग का कहना है कि शनिवार तक कड़ाके की ठंड बनी रह सकती है, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं.
राज्य के कई जिले इस भीषण ठंड में पुराने हिल स्टेशनों की याद दिला रहे हैं. कभी “बिहार की शिमला” कहलाने वाली रांची में लगातार सर्द हवाओं का असर दिख रहा हैं. हजारीबाग, लातेहार का नेतरहाट, गुमला और सिमडेगा जैसे इलाकों में भी ठंड अपने पुराने तेवर दिखा रही हैं. यदि देश के उत्तरी हिस्सों से तुलना की जाए तो गुरुवार को जम्मू का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री, शिमला शहर का 2.2, कुल्लू का 1.4 और धर्मशाला का 3.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि झारखंड के कई इलाकों में तापमान इन शहरों से भी नीचे चला गया. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और साफ आसमान के कारण रात के तापमान में तेज गिरावट आई हैं. आने वाले दो दिनों तक लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत हैं.
यह भी पढ़े: यहां शादी के बाद दुल्हन जाती है पड़ोसी के घर? जानें इस अनोखे रिवाज के बारे में, जिसने सबको चौंकाया