न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने को तैयार हैं. रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में अगले पांच दिनों तक आसमान में बादलों का डेरा रहने वाला हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है, जिससे कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी दी गई हैं.
बंगाल की खाड़ी से नई सिस्टम की एंट्री
मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ रहा है लेकिन म्यांमार और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के तटीय हिस्सों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हो चूका हैं. इसके असर से 25 सितंबर को नया लो-प्रेशर बनने की संभावना हैं. इसका असर झारखंड में 30 सितंबर तक देखने को मिलेगा.
रांची में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
पिछले 24 घंटों में रांची ने बारिश का नया रिकॉर्ड बनाया. मांडर में 140.2 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रामगढ़, हजारीबाग समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. 1 जून से 24 सितंबर तक रांची में 1509.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से करीब 50% ज्यादा हैं.
तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव
बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं हैं. बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं गोड्डा सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34.6 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती हैं.