न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला अंतर्गत पांकी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. पांकी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है. वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मृतक की पहचान पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी सूरज उरांव के पुत्र मनोज उरांव के रूप में की गई है.
घटना की जानकारी मिलते ही पांकी थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ कर जानकारी जुटाई और शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद से पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है. वहीं, घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस संबंध में पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था. प्रथम दृष्टया पुलिस को ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मनोज की गला दबाकर हत्या की गई है. घटना के बाद पुलिस परिजनों से बातचीत कर आगे की कानूनी प्रक्रिया और मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव: विधायकों का विधानसभा पहुंचना शुरू, NDA और महागठबंधन ने जीत का किया दावा