प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: भाजपा भरनो मंडल कार्यालय के समीप रविवार को वरिष्ठ भाजपा नेता सह भाजपा गुमला जिला प्रभारी राकेश भास्कर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक रूप से श्रवण किया. यह ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी थी. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम के बाद राकेश भास्कर ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में बदलाव लाने वाले लोगों और उनके कार्यों को देश के सामने रखते हैं,जिससे आम लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को नई दिशा देते हैं. इन संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखकर कार्यकर्ताओं को अपने दैनिक जीवन में भी आत्मसात करना चाहिए.
राकेश भास्कर ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर (SIR) कार्यक्रम की भी जानकारी ली और भाजपा कार्यकर्ताओं से इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही. इस मौके पर भाजपा भरनो मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता एवं शिव शंकर सिंह ने राकेश भास्कर को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में भाजपा मंडल भरनो प्रभारी सुमित कुमार महली,वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भोला प्रसाद केशरी,हरिशंकर शाही, अशोक कुमार केशरी, श्रीकांत प्रसाद केशरी, विजय केशरी,शिवचरण बारला,शिव शंकर सिंह, पद्दुमन सिंह, पीके सिंह, मुरारी केशरी, सुरेश कुमार राय, जगजीवन सिंह, नीलम गुप्ता,लक्ष्मी देवी, रामकिशुन बड़ाइक, संदीप कुमार महली,संजय महली सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.