मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी प्रखंड कार्यालय में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार अम्बष्ट की अध्यक्षता में प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखियाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं, विशेषकर पेयजल व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई.
आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया. पंचायतों में खराब पड़े चापानलों की मरम्मत तथा जलमीनारों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई. बीडीओ ने सभी मुखियाओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी गांव में पेयजल संकट उत्पन्न न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं.
बैठक में पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति पर चर्चा करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही सभी मुखियाओं को अपने-अपने पंचायतों में निर्माणाधीन स्टेडियम, सामुदायिक शौचालय एवं चिल्ड्रेन पार्क का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने को कहा गया.
बैठक में पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं को गति देने तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया. इस अवसर पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर असित कुमार, मुखिया तेज़ी किस्पोट्टा, पुतुल देवी, पारसनाथ उरांव, शिवरत मुंडा, मलका मुंडा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: घाघरा जंगल के नाले में मिला बीमरला के गणेश मुंडा का संदिग्ध स्थित में शव, हत्या या जंगली जानवर हमला जांच में जुटी पुलिस