न्यूज11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड के बेनाशोली काजू जंगल में पिछले करीब एक सप्ताह से करीब 10 जंगली हाथियों का झुंड लगातार डेरा डाले हुए है. हाथियों की गतिविधियों से लुगाहरा, लोधनबनी, पानीशोल, धड़ांरी, भादुआ, दुधकुण्डी सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं. ग्रामीणों के अनुसार, रात होते ही हाथी जंगल से निकलकर बांस की झाड़ियों और अन्य वनस्पतियों को नुकसान पहुंचाते हुए गांवों की ओर पहुंच जाते हैं. इससे ग्रामीणों की रात की नींद उड़ गई है और लोग हर समय सतर्क रहने को विवश हैं.
हाथियों की मौजूदगी के कारण जगन्नाथपुर–दारिशोल मुख्य मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है. इसी मार्ग से प्रतिदिन सुबह बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल, जयपुरा सहित अन्य विद्यालयों में पढ़ने के लिए आते-जाते हैं. अभिभावकों का कहना है कि हाथियों की लगातार गतिविधियों के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में डर बना हुआ है. सुबह और शाम के समय राहगीरों, किसानों तथा दोपहिया वाहन चालकों को भी इस मार्ग से गुजरने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के गांवों के समीप आने से खेतों और बागानों में जाने का साहस भी लोग नहीं जुटा पा रहे हैं. कई परिवार शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि हाथियों का झुंड आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करता है तो कभी भी जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद वन विभाग की ओर से हाथियों की नियमित निगरानी, प्रभावित गांवों में गश्ती दल की तैनाती तथा हाथियों को सुरक्षित रूप से घने जंगल की ओर वापस भेजने के लिए अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है. इससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल रेस्क्यू एवं निगरानी टीम तैनात करने, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, प्रभावित गांवों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को सतर्क करने तथा हाथियों को सुरक्षित रूप से आबादी वाले क्षेत्रों से दूर जंगल की ओर भेजने की मांग की है. साथ ही जगन्नाथपुर–दारिशोल मार्ग पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना और जनहानि को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़! 9.2 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार