प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखण्ड कार्यालय परिसर के समीप बुधवार को आयुष विभाग की पहल पर भव्य आयुष मेला का आयोजन किया गया. मेले का विधिवत शुभारंभ प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रेश्मा रेखा मिंज, अंचलाधिकारी लवकेश सिंह, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, प्रखण्ड प्रमुख सुशीला देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार एवं चिकित्सक डॉ. शुभांकुर कुमारी, डॉ. शशि शालिनी, डॉ. अम्बे कुमारी, भरत कुमार दुबे, चन्दन कुमार गुप्ता तथा राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया.
इस अवसर पर लातेहार के डीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने भी शिविर में शिरकत की और आयुष पद्धति को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं. मेले में आयुर्वेद, होमियोपैथी एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से ग्रामीणों का उपचार किया गया. योग विशेषज्ञों द्वारा योगाभ्यास भी कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई. शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं.कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय महत्व को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों के बीच 400 इमरती आंवला के अन्य पौधों का वितरण किया गया. लोगों को पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया.
बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज ने कहा कि आयुष मेला का उद्देश्य ग्रामीणों को पारंपरिक एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ना है. इससे लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा मिल रही है.प्रखण्ड प्रमुख सुशीला देवी ने कहा कि योग और आयुर्वेद हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं. इनका नियमित पालन करने से कई रोगों से बचाव संभव है.जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीणों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है. भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाने चाहिए.चिकित्सक डॉ. शुभांकुर कुमारी ने बताया कि शिविर में सर्दी-खांसी, जोड़ों का दर्द, त्वचा रोग, पाचन संबंधी समस्याओं सहित अन्य बीमारियों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां दी गईं. साथ ही संतुलित आहार और नियमित योग करने की सलाह दी गई. आयुष मेला को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसका लाभ उठाया.
यह भी पढ़ें: कुकडु प्रखंड के नाजिर का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर