विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम मानगढ़ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका +2 उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को महिला प्रताड़ना, नशा मुक्ति, डायन कुप्रथा, साइबर फ्रॉड और डायल 112 सेवा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस की टीम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में फैली डायन कुप्रथा एक गंभीर अपराध है और इससे जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें. वहीं महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़खानी, घरेलू हिंसा व प्रताड़ना के खिलाफ कानून में कड़े प्रावधान हैं, डरने की जरूरत नहीं है, खुलकर शिकायत करें. पुलिस ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा पूरे परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है. छात्राओं से अपील की गई कि वे खुद इससे दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करें.
साइबर फ्रॉड को लेकर बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP किसी से शेयर न करें, और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सूचना आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए डायल 112 सेवा के बारे में भी विस्तार से बताया गया. डायल 112 पर कॉल करते ही कुछ ही मिनटों में पुलिस सहायता पहुंच जाती है. इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं. विद्यालय प्रबंधन ने चौपारण पुलिस के इस प्रयास की सराहना की.