मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी रेलवे स्टेशन स्थित टिकट काउंटर पर शनिवार को टिकट वितरण के दौरान हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. घटना में टिकट काउंटर पर कार्यरत कर्मचारी निखिल सिंह के साथ कुछ यात्रियों द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना है. मिली जानकारी के अनुसार, कुछ यात्री टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे थे. टिकट देने के बाद छुट्टे पैसे (खुदरा) को लेकर कर्मचारी और यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी. इसी दौरान कुछ यात्रियों ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी. घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की भीड़ स्टेशन परिसर में जुट गई. घटना के बाद स्टेशन परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है. वहीं मारपीट की जानकारी मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.
यह भी पढ़ें: 15 जून से शुरू होगा कोल्हान का प्रसिद्ध पांच दिवसीय हरिणा मेला, भोक्ताडांग के साथ गांव-गांव दिया जा रहा आमंत्रण