न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: भीषण गर्मी के बीच झारखंड के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, जामताड़ा, खूंटी, रामगढ़, रांची और सरायकेला-खरसावां जिलों के कुछ हिस्सों में अगले एक से तीन घंटों के भीतर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. अचानक बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
सुरक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देश
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों या सुरक्षित स्थानों में ही रहें. खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें, क्योंकि वज्रपात का खतरा बना हुआ है. साथ ही, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है. किसानों को विशेष रूप से चेतावनी दी गई है कि वे इस दौरान अपने खेतों में न जाएं और मौसम के सामान्य होने का इंतजार करें. प्रशासन ने सभी से सावधानी बरतने और अनावश्यक जोखिम से बचने का आग्रह किया है.
ये भी पढ़ें- भोपाल त्रासदी, Op Blue Star, सिख दंगे... नहीं रहे तस्वीरों के जादूगर, देश की धड़कनें कैद करने वाले रघु राय को अलविदा !