न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित कोलकाता-दिल्ली सिक्स लेन पर बोराबांध के समीप मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर के पास पलट गई. हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे और एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार (संख्या JH10CG4921) गोविंदडीह से तोपचांची की ओर जा रही थी. इसी दौरान बोराबांध के पास सर्विस रोड के किनारे कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे. खेल के दौरान गेंद उछलकर कार के सामने के शीशे से टकरा गई, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद कार सड़क पर जा रहे एक कंटेनर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई.
हादसे के समय कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चे , बच्चियां शामिल थीं. सभी घायल गोविंदडीह निवासी सद्दाम अंसारी के परिजन बताए जा रहे हैं. दुर्घटना में एक बच्चे और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए धनबाद भेजा गया. वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटाकर राजगंज थाना लाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया कुछ देर तक फोरलेन जाम