संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: एमएमसिएच सदर अस्पताल के सामने संचालित रीमा सेवा सदन में भारी अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है, अनुमंडल पदाधिकारी सदर मेदिनीनगर संजय पांडेय और असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा की गई संयुक्त छापेमारी के दौरान अस्पताल में गंभीर कमियां पाई गईं.
औचक निरीक्षण के समय परिसर में एक भी डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था. इसके साथ ही किराएनामा, ओटी रजिस्टर, इंडोर रजिस्टर, डिस्चार्ज रजिस्टर और डॉक्टरों के सहमति पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज गायब मिले. अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण की व्यवस्था समाप्त हो चुकी थी, अग्निशमन सुरक्षा उपकरण नदारद थे और पूरा परिसर गंदगी से भरा था.
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि ऑपरेशन थिएटर में एनेस्थीसिया और ओटी लैंप की जगह साधारण बल्ब का इस्तेमाल हो रहा था, वहीं ओटी टेबल भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त और गंदी स्थिति में पाई गई. इसके अतिरिक्त आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की भारी कमी थी और परिसर में बिना लाइसेंस के अवैध दवा दुकान का संचालन किया जा रहा था.
मरीजों की जान से खिलवाड़ और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए प्रशासन ने पूरे परिसर को सील करने की कार्रवाई की. सीलिंग के समय भर्ती दो महिला मरीजों को सुरक्षित रूप से स्थानीय सदर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. सिविल सर्जन पलामू को अस्पताल संचालक के खिलाफ नियम सम्मत कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया गया है..
यह भी पढ़ें: नंदन नीलेकणि की देखरेख में शुरू हो गया परीक्षा सुधार का काम, NEET परीक्षा में पेन-पेपर का उपयोग होगा खत्म