भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय और गिरिडीह के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित गांडेय थाना क्षेत्र के महादेवडीह गांव में संचालित एक पत्थर खदान के संचालक के खिलाफ अवैध खनन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई खनन के लिए आवंटित भूमि से अधिक क्षेत्र में खनन कार्य किए जाने के आरोप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार महादेवडीह गांव में संचालित पत्थर खदान के संचालक मनीष जलान को खनन के लिए लगभग तीन एकड़ भूमि आवंटित की गई थी. आरोप है कि उन्होंने निर्धारित सीमा से अधिक, करीब पांच एकड़ से ज्यादा भूमि में खनन कार्य किया.
इस संबंध में माइनिंग इंस्पेक्टर विश्वनाथ उरांव ने गांडेय थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. आवेदन के आधार पर गांडेय थाना में कांड संख्या 5/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद खण्ड में विराट हिन्दू सम्मेलन का सफल आयोजन, शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन का आह्वान