चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में महिला स्वास्थ्यकर्मी से कथित यौन शोषण मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहरडाल निवासी कुतुबुद्दीन के रूप में हुई है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लंबे समय से चल रही कवायद पर विराम लगा है.
जानकारी के अनुसार, महिला स्वास्थ्यकर्मी ने 7 सितंबर 2026 को मिहिजाम थाना पहुंचकर अपने साथ कथित यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए कुतुबुद्दीन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद मिहिजाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांड संख्या 65/26 दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था. इसी दौरान जांच के क्रम में पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं, मामले का अनुसंधान अभी जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कुलपति पर भ्रष्टाचार के मामले में एफआईआर दर्ज होगी: वित्त मंत्री