प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने बुधवार को बरवाडीह एवं छिपादोहर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में आठ महत्वपूर्ण योजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया. इन योजनाओं के तहत विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के साथ पुराने भवनों के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा. शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत छिपादोहर स्थित अनुसूचित जनजाति (एसटी) आवासीय विद्यालय परिसर से हुई. यहां विधायक रामचंद्र सिंह ने जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, मुखिया वेरोनिका कुजूर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच अतिरिक्त भवन व कमरों के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी. इसके बाद छिपादोहर स्थित हाईस्कूल परिसर में भी अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया.
वहीं बरवाडीह राजकीयकृत उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बरवाडीह हाईस्कूल, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय एवं राजकीय उच्च विद्यालय सेदुप में अलग-अलग अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का सामूहिक शिलान्यास किया गया. इसके अलावा हेंदेहास स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के साथ पुराने विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार कार्य की भी शुरुआत की गई.
इस दौरान विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि मनिका विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. विद्यालयों में बेहतर भवन, आधारभूत सुविधाएं और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. नए कमरों के निर्माण और भवनों के जीर्णोद्धार से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को योजनाओं में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. मौके पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू , यूथ कांग्रेस प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, एसडीपीओ वीरेन्द्र राम, बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार, छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी,गुंजन सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, राजू प्रसाद, अनिल सिंह, शिवानंद तिवारी उर्फ दिप्पू तिवारी, कमलेश सिंह, जयप्रकाश रजक, उमेश प्रसाद,निजाम अंसारी, श्रवण सिंह, कृष्णा प्रसाद, वेरोनिका कुजूर, नरेश सिंह, दिलीप सिंह, दीपक प्रसाद समेत कई लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में डीवीसी के निर्मित बस पड़ाव का उद्घाटन, मुख्य महाप्रबंधक ने कहा- दूर हुई यात्रियों की परेशानी