प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटमु पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए. घायलों में 7 वर्षीय बच्ची रितिका कुमारी, अजय कुमार (32), जूही कुमारी (28) एवं विजय कुमार गुप्ता (50) शामिल हैं. विजय कुमार गुप्ता बरवाडीह निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य घायल पलामू जिले के इटहे, लेस्लीगंज निवासी हैं. हादसे में बच्ची रितिका की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं. कुटमु पेट्रोल पंप के समीप अचानक दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई.घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी लवकेश सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सक अनुपमा एक्का एवं ड्रेसर राजेश चन्द्र उर्फ बबलू ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है.स्थानीय लोगों ने बताया कि कुटमु पेट्रोल पंप के आसपास सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्पीड कंट्रोल उपाय लागू करने तथा नियमित पुलिस गश्ती की मांग की है.फिलहाल बरवाडीह पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: BSNL के फाइबर कनेक्शन के नाम पर ठग हुए एक्टिव, रहें सावधान