विरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दनुआ घाटी में बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया. एक के बाद एक कुल 8 वाहन आपस में टकरा गए, जिससे 12 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही, JMM पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र राणा और चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक अस्पताल चौपारण पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. घायलों में नागेश्वर पासवान, लछमनिया देवी, दिलीप साव, शशि प्रकाश सिंह, किसुन यादव, तपन कुमार विश्वास, विक्की कुमार यादव, हीरा यादव, धनेश्वर पासवान, कौशल्या देवी एवं रेशमी देवी शामिल हैं.
सभी लोग अलग-अलग वाहनों से बिहार की ओर जा रहे थे, तभी दनुआ घाटी में यह दुर्घटना हुई. घटना की जानकारी मिलते ही झामुमो नेता बिरेन्द्र राणा भी सामुदायिक अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश देते हुए घायलों के इलाज में सहयोग किया. वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: चाईबासा के झींकपानी में किया गया झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तहत शिविर का आयोजन, ये रहे मुख्य बिंदु