न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को हुसैनाबाद स्थित भाजपा कार्यालय में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत विधानसभा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं कोडरमा विधायक नीरा यादव, विशिष्ट अतिथि के रूप में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम और पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे.कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री सोमेश सिंह ने किया. इस अवसर पर राम प्रवेश सिंह, रणजीत पासवान, उदय विश्वकर्मा, संतोष सिंह, अजय गुप्ता, अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से पूरा परिसर जोश, उमंग और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा.मुख्य अतिथि नीरा यादव ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की नई परिभाषा गढ़ रहा है. आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल आर्थिक सशक्तिकरण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक स्वाभिमान से जुड़ा जनआंदोलन है. हमें ‘हर घर स्वदेशी’ का मंत्र अपनाकर भारत को सशक्त राष्ट्र बनाने में योगदान देना होगा.” विशिष्ट अतिथि सांसद विष्णु दयाल राम ने अपने वक्तव्य में कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता अब भारत के राष्ट्रीय चरित्र का हिस्सा बन चुकी है. आज पूरी दुनिया भारत को नए नजरिए से देख रही है — यह हमारे आत्मविश्वास, स्वदेशी भावना और संगठन शक्ति का परिणाम है.” वहीं, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिया गया ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प भारत के पुनर्जागरण का मार्ग है. जब हम अपने स्थानीय उद्योगों, कारीगरों और संसाधनों को प्राथमिकता देंगे, तभी भारत सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर बनेगा. ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ केवल नारा नहीं, बल्कि भारत के उत्थान की दिशा में एक विराट आंदोलन है.”उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है. झारखंड की धरती में अपार संभावनाएँ हैं, जिन्हें स्वदेशी दृष्टिकोण से सशक्त कर प्रदेश को आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ बनाया जा सकता है. सम्मेलन के समापन पर मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया और यह प्रण किया कि वे समाज के हर वर्ग तक आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संदेश पहुँचाएँगे. सभी ने “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का निर्णय लिया.
यह भी पढ़ें: भरनो में ब्लड डोनेशन कैंप में प्रखंड प्रमुख, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने किया ब्लड डोनेशन