न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के बहरागोड़ा प्रखंड के मुड़ाकाटी गांव में नेशनल हाईवे-18 के किनारे शुक्रवार सुबह एक अद्भुत नज़ारा देखने को मिला. यहां अचानक जमीन के नीचे से झाग जैसी सफेद परत निकलने लगी, जो दूर से बिल्कुल बादल जैसी दिख रही थी. इस अनोखी घटना को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालक भी गाड़ियां रोक कर इस नजारे को देखने लगे.
लोगों में अटकलों का दौर
गांव में फैली इस रहस्यमयी झाग को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं. कोई इसे “बादल फटने” से जोड़ रहा है, तो कोई जमीन के अंदर गैस रिसाव की आशंका जता रहा हैं. वहीं कुछ लोग इसे किसी रासायनिक पदार्थ या लिक्विड के रिसाव से बनी झाग मान रहे हैं. सुबह से निकल रही यह झाग अब काफी हद तक कम हो चुकी है, लेकिन इसके कारण लोगों की जिज्ञासा और दहशत बनी हुई हैं.
प्रशासन की जांच शुरू
सूचना मिलते ही श्याम सुंदरपुर पुलिस और बहरागोड़ा के सीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. शुरुआती जांच में अधिकारियों ने संभावना जताई कि यह झाग किसी वाहन धोने या केमिकल युक्त गाड़ी से निकले पदार्थ की वजह से हो सकती हैं. फिलहाल सैंपल लेकर जांच की तैयारी की जा रही है, ताकि झाग की असली वजह का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़े: रांची: हरमू हाउसिंग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप